फर्जी पासपोर्ट बनवाकर विदेश जाने की फिराक में था जालसाज, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़, 28 अप्रैल। जनपद के थाना जीयनपुर क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाकर विदेश जाने की कोशिश कर रहे एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक भारतीय पासपोर्ट, एक आधार कार्ड तथा ₹200 नकद बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना जीयनपुर क्षेत्र के नौशहरा निवासी तबस्सूम पुत्री स्वर्गीय निहालुद्दीन द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि नेहाल हासिम ने अपना वास्तविक नाम-पता एवं आपराधिक इतिहास छिपाकर वर्ष 2017 में फर्जी पते पर पासपोर्ट बनवाया था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना जीयनपुर पर मु0अ0सं0 190/2026 धारा 419, 420, 467, 468, 471 भादंवि एवं 12(1)(b) पासपोर्ट अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की गई।
वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दिनांक 28 अप्रैल 2026 को वरिष्ठ उपनिरीक्षक परमात्मा मिश्रा मय हमराह पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बेरमा गेट के पास से अभियुक्त नेहाल हासिम पुत्र स्वर्गीय नजीर अहमद निवासी चकसिकठी इस्लामपुरा, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ (उम्र लगभग 41 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी के दौरान अभियुक्त के पास से एक भारतीय पासपोर्ट, एक आधार कार्ड तथा ₹200 नकद प्राप्त हुआ।
आपराधिक इतिहास के अनुसार, अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी थाना मुबारकपुर में मु0अ0सं0 23/2009 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक परमात्मा मिश्रा एवं कांस्टेबल शैलेश कुमार यादव थाना जीयनपुर शामिल रहे। पुलिस ने अभियुक्त को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *