






आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मैग्ना बाजार के पास डेहरी मोड़ पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कूली बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मिली जानकारी के अनुसार, पवई थाना क्षेत्र के भूखाली गांव निवासी 48 वर्षीय रामपत अपने रिश्तेदारों के साथ बेटे के लिए लड़की देखकर लौट रहे थे। इसी दौरान जौनपुर जिले के खुटहन गांव निवासी 18 वर्षीय आयुष कुमार और राजू कुमार भी उनके साथ थे। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान रामपत और आयुष कुमार की मौत हो गई, जबकि राजू कुमार का इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर पवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को भी अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है।
