
आजमगढ़ : सरायमीर थाना क्षेत्र में सोमवार को एआरटीओ (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव के नेतृत्व में स्कूल वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान फिटनेस व आवश्यक अभिलेखों में कमी पाए जाने पर चार स्कूल वाहनों को सीज कर सरायमीर थाने में खड़ा कराया गया, जबकि छह वाहनों का चालान किया गया।
जांच अभियान की सूचना मिलते ही निजी विद्यालय संचालकों में हड़कंप मच गया। कई विद्यालयों ने अपने वाहनों की जांच से बचने के लिए एहतियात बरती, जिससे कुछ विद्यालय सामान्य समय से अधिक देर तक खुले रहे।
एआरटीओ (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव ने बताया कि महर्षि पतंजलि स्कूल सहित कई विद्यालयों के वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ वाहनों पर पूर्व के चालान लंबित मिले, जबकि कई वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज अधूरे पाए गए। इसी आधार पर चार वाहनों को सीज कर दिया गया तथा छह वाहनों का चालान किया गया।
उन्होंने विद्यालय संचालकों को निर्देशित किया कि सभी स्कूल वाहन फिटनेस, परमिट, बीमा और अन्य आवश्यक अभिलेख समय पर पूर्ण रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आजमगढ़/पटवध। बबलू राय की खास रिपोर्ट
