प्लॉटिंग के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, पत्थरबाजी और लाठी डंडे से हमले में एक पक्ष का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद

Uncategorized

मुबारकपुर (आजमगढ़), 20 अप्रैल 2026
थाना मुबारकपुर पुलिस ने जान से मारने की नीयत से हमला करने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 19 अप्रैल 2026 को ग्राम सठियांव स्थित त्रिदेव ग्रुप प्लॉटिंग में हिस्सेदारी/निवेश के विवाद को लेकर दो पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट हुई, जो बाद में उग्र होकर जानलेवा हमले में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, जिसमें मऊ जनपद निवासी सत्यनन्द चौबे व विकास चौबे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का उपचार जिला अस्पताल आजमगढ़ में चल रहा है।
घटना के दौरान अभियुक्त कमलेश्वर दूबे उर्फ गोलू ने अवैध असलहा निकालकर विपक्षी पक्ष पर तानते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में थाना मुबारकपुर पर मु0अ0सं0 146/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
इसी क्रम में 20 अप्रैल की सुबह लगभग 4:50 बजे उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव मय पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दामोदरपुर मोड़ के पास घेराबंदी कर अभियुक्त कमलेश्वर दूबे (28 वर्ष) पुत्र अरुण दूबे, निवासी दामोदरपुर गजहड़ा, थाना मुबारकपुर को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी:
अभियुक्त के पास से एक अदद .315 बोर का तमंचा और दो जिन्दा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में खुलासा:
अभियुक्त ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करता है और रंजिश के चलते अवैध असलहा अपने पास रखता था। घटना के दिन उसी तमंचे से उसने विपक्षी पक्ष को जान से मारने की नीयत से धमकाया था।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में भी मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव व थाना मुबारकपुर पुलिस टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *