नहर किनारे संदिग्ध हालात में मिला मजदूर का शव, हत्या की आशंका से इलाके में सनसनी, शौच के लिए निकला था, पुलिस हर पहलू पर कर रही जांच

Uncategorized

अतरौलिया। थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में रविवार रात एक मजदूर का शव नहर किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार लोहरा गांव निवासी रामलौट निषाद (45) पुत्र बैजनाथ निषाद रविवार रात करीब आठ बजे घर से शौच के लिए गांव के पास स्थित नहर पुलिया की ओर गए थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उनका शव नहर किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पत्नी शशिकला देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पति रात में शौच के लिए घर से निकले थे, लेकिन काफी देर बाद भी वापस नहीं लौटे। तलाश करने पर उनका शव मिला। उन्होंने आशंका जताई कि उनके पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
मृतक के साले निशीलेश निषाद, निवासी लेदौरा, ने आरोप लगाया कि किसी ने रामलौट की हत्या कर शव को नहर किनारे फेंक दिया। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
परिजनों के अनुसार रामलौट मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह अपने पीछे पत्नी, छह पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। उनकी दूसरी बेटी पूजा गंभीर रूप से बीमार है, जिसका इलाज आजमगढ़ में चल रहा है। घटना के समय उनकी पत्नी भी बेटी के इलाज के सिलसिले में अस्पताल गई हुई थीं।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Ashish Kumar Nishad की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *