






आजमगढ़ : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा गुरुवार शाम परीक्षा परिणाम घोषित होते ही जनपद आजमगढ़ में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। रिजल्ट जारी होते ही स्कूलों में हलचल तेज हो गई, वहीं हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं अपने परिणाम को लेकर पूरे दिन उत्सुक नजर आए। इंटरनेट और साइबर कैफे पर भी परिणाम देखने के लिए छात्रों की भीड़ उमड़ पड़ी।
इस वर्ष जनपद में मेधावी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया। फूलपुर क्षेत्र के ऊपरी अंबारी स्थित सोनी चिल्ड्रन इंटर कॉलेज के छात्र विवेक यादव ने हाईस्कूल परीक्षा में 600 में से 579 अंक प्राप्त कर जिला टॉप किया। विवेक की इस उपलब्धि से न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
विवेक यादव एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता कमलेश यादव आटा चक्की चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद विवेक ने कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया। विवेक तीन भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए भविष्य में आईआईटी से इंजीनियर बनकर देश की सेवा करने की इच्छा जताई है।
वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में हरिया स्थित आशा ज्योति इंटर कॉलेज की छात्रा जागृति सिंह ने 93.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। जागृति की इस सफलता से विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षकों और परिजनों ने मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
रिजल्ट घोषित होने के बाद कई स्कूलों में टॉपर छात्रों का सम्मान भी किया गया। अभिभावकों और शिक्षकों ने इसे मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन का परिणाम बताया।
शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की सफलताएं अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनती हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में भी शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाती हैं।
