
आजमगढ़। महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र में दो दिन से लापता एक व्यक्ति का शव मंगलवार सुबह नदी किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक की पहचान जयप्रकाश यादव (42) पुत्र गुलाब यादव, निवासी ग्राम नौबरार देवारा जदीद किता दोयम, कोतवाली महाराजगंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार जयप्रकाश यादव 12 जुलाई को घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने देवारांचल पुलिस चौकी में गुमशुदगी की सूचना दी थी।
मंगलवार सुबह करीब 7:40 बजे महुला-गढ़वल बांध के किनारे, नौबरार देवारा जदीद किता प्रथम स्थित औघड़गंज बाजार से लगभग 100 मीटर पूर्व ग्रामीणों ने नदी किनारे एक शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची महाराजगंज पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पहचान होने पर पता चला कि शव लापता जयप्रकाश यादव का है।
शव मिलने की खबर से परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि जयप्रकाश यादव चार भाइयों में सबसे बड़े थे और खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
