






Azamgarh। शहर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर तीन वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने, अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले में जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी ने अपनी सोशल मीडिया आईडी में बजरंग दल से जुड़े होने का लिखा था। बजरंग दल ने पुष्टि की कि कभी किसी प्रकार से आरोपी संगठन से नहीं जुड़ा था।
पीड़िता, जो सुलेमपुर हीरापट्टी की निवासी है, ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि दलसिंगार मोहल्ला निवासी आदित्य सोनी पिछले करीब तीन वर्षों से शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाता रहा। युवती का कहना है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी पहले साथ रहने को तैयार हुआ, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया।
युवती के अनुसार विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी हैं। साथ ही अधिक दबाव बनाने पर जान से मरवाने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता का कहना है कि उसने पहले स्थानीय थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 14 मई को उसने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत प्रकोष्ठ में प्रार्थना पत्र दिया। मामले को गंभीर मानते हुए शिकायत प्रकोष्ठ ने क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
शहर कोतवाल यादवेंद्र पाण्डेय ने बताया कि आरोपी आदित्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपी युवक ने अपने सोशल मीडिया आईडी पर खुद के कई हिंदू संगठन के पदाधिकारी होने का दावा किया था। जिसमें बजरंग दल भी शामिल है। हालांकि बजरंग दल के जिला संयोजक ने आरोपी के कभी बजरंग दल से जुड़े होने को लेकर इंकार किया है।
