






आजमगढ़। दी डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन आजमगढ़ के पुस्तकालय कक्ष का भव्य लोकार्पण स्वर्गीय वीरेंद्र मिश्र एडवोकेट की स्मृति में उनके बड़े भतीजे अनिल मिश्रा द्वारा फीता काटकर किया गया।
बार के अध्यक्ष अरविंद कुमार पाठक एवं मंत्री रणधीर सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि कलेक्ट्रेट बार के वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय वीरेंद्र मिश्र “तूफान” के निधन के उपरांत बार एसोसिएशन द्वारा उनके आपदा राहत कोष के अंतर्गत प्राप्त पाँच लाख रुपये उनके परिवार द्वारा बार एसोसिएशन को सौंप दिए गए थे।
उन्होंने बताया कि स्वर्गीय वीरेंद्र मिश्र बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। वे प्रखर वक्ता एवं निर्भीक पत्रकार के रूप में सदैव समाज सेवा से जुड़े रहे। अपने जीवनकाल में उन्होंने बार एसोसिएशन को कई अवसरों पर सहयोग प्रदान किया तथा वे बार के मंत्री भी रह चुके थे। उनके निधन के पश्चात उनके परिवारजनों द्वारा उनके प्रति उदारता दिखाते हुए आपदा राहत कोष बार एसोसिएशन को भेंट किया गया, जिससे उनके नाम पर पुस्तकालय का निर्माण कराया गया ताकि उनकी स्मृतियाँ सदैव जीवंत रहें।
इस अवसर पर उनके परिवारजन अनिल कुमार मिश्रा, अवनींद्र कुमार मिश्रा एवं प्रमोद कुमार मिश्रा के प्रति बार एसोसिएशन ने आभार व्यक्त किया।
लोकार्पण के पश्चात कलेक्ट्रेट बार सभागार में आयोजित सभा में सभी का सम्मान किया गया। अध्यक्ष एवं मंत्री द्वारा अतिथियों को मोमेंटो एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही मिशन हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. अशोक सिंह का भी आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने बार एसोसिएशन को एक फोटो कॉपी मशीन भेंट की।
सभा की अध्यक्षता एल्डर कमेटी के चेयरमैन वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीराम त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन मंत्री रणधीर सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सेन्ट्रल बार एसोसिएशन एवं डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
