पेट्रोल पंप पर जानलेवा हमला करने वाला वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, CCTV फुटेज हुआ था वायरल, घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद

Uncategorized

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने पेट्रोल पंप पर मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की है।
पुलिस के अनुसार जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुबारकपुर पर दर्ज मुकदमा संख्या 191/2026 धारा 3(5), 115(2), 352, 351(3), 109(1) बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त किशन चौहान पुत्र रामलक्षन चौहान निवासी पिचरी थाना मुबारकपुर को गिरफ्तार किया गया।
मामले में विशेन बीएस पेट्रोलियम बरडीहा उर्फ गडेरूआ के मैनेजर विवेक तिवारी ने तहरीर देकर बताया था कि 15 मई 2026 की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे किशन चौहान अपने साथियों के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंचा और अधिक पेट्रोल देने को लेकर कर्मचारियों से विवाद करने लगा। आरोप है कि शाम करीब सात बजे वह 15-16 साथियों और एक महिला के साथ लाठी-डंडा, रम्मा व अन्य घातक हथियार लेकर दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचा और कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने पहुंचे सतीश चंद सिंह के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान शनिवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक वीरेन्द्र यादव मय हमराह ने मुखबिर की सूचना पर औझौली पुल के पास से अभियुक्त किशन चौहान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *