एनसीसी शिविर में जीडी ग्लोबल स्कूल के छात्र ओजश्वा नारायण बने बेस्ट कैडेट, स्वर्ण पदक से सम्मानित

Uncategorized

आजमगढ़। जीडी ग्लोबल स्कूल के कक्षा 12-बी के छात्र एवं 99 यूपी बटालियन एनसीसी, आजमगढ़ के कैडेट ओजश्वा नारायण ने एनसीसी शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए “बेस्ट कैडेट” का प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त किया। उन्हें शिविर में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

शिविर के दौरान ओजश्वा नारायण ने ड्रिल एवं टर्नआउट, हथियार प्रशिक्षण, शारीरिक दक्षता, मानचित्र अध्ययन तथा नेतृत्व क्षमता के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। फायरिंग में उच्च सटीकता, अनुकरणीय अनुशासन तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय सहभागिता के आधार पर उन्हें शिविर का सर्वश्रेष्ठ कैडेट घोषित किया गया।

इस उपलब्धि पर विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ओजश्वा नारायण ने अपने समर्पण, अनुशासन और अथक परिश्रम से यह सिद्ध कर दिया है कि लक्ष्य के प्रति निष्ठा सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है और भविष्य में भी उनसे नई सफलताओं की उम्मीद है।

विद्यालय के प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने छात्र को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां किसी भी शिक्षण संस्थान की सबसे बड़ी पूंजी होती हैं। ओजश्वा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है।

कार्यकारी निदेशक श्रीश अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व निर्माण पर विशेष बल देता है। ओजश्वा की यह सफलता उसी समग्र शिक्षा व्यवस्था का परिणाम है।

प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कुटे ने छात्र को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अनुशासन, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ओजश्वा भविष्य में भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर विद्यालय, समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाएंगे।

विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, एनसीसी अधिकारी, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने ओजश्वा नारायण को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *