
आजमगढ़। दीदारगंज थाना पुलिस ने मोहर्रम के दौरान मारपीट, पथराव, तोड़फोड़ एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए छह वांछित महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को जौनपुर जनपद के खेतासराय निवासी एवं वर्तमान में फुलेश गांव में रह रहे जिलाजीत सेठ ने थाना दीदारगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मोहर्रम पर्व के दौरान सार्वजनिक मार्ग पर लगाए गए झंडा और लाउडस्पीकर हटाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने एकराय होकर लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला किया। साथ ही उनकी मोटरसाइकिल एवं मकान में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया तथा जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर थाना दीदारगंज में मुकदमा संख्या 117/2026 धारा 109(1), 3(5), 324(4) एवं 351(3) बीएनएस के तहत नामजद एवं अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
शुक्रवार को उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ फुलेश बाजार तिराहा क्षेत्र से मामले में वांछित छह अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिलाओं में तरीकुलनिशा (58 वर्ष), अंजुम (32 वर्ष), सरीफुनीशा (50 वर्ष), रेहाना (45 वर्ष), तबस्सुम (20 वर्ष) और रिजवाना (45 वर्ष) शामिल हैं। सभी फुलेश गांव, थाना दीदारगंज की निवासी हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्ताओं को न्यायालय भेजते हुए मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
