
आजमगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा वृक्षों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया।
प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण अभियान के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए लोगों को प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधे लगाए।
इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के पर्यावरणीय संतुलन, स्वच्छ वायु, जल संरक्षण और मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और जनसामान्य से भी अधिकाधिक वृक्षारोपण कर हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध उत्तर प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
