
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश में बिजली संकट, अघोषित कटौती, महंगी बिजली दरों और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश यादव की मौजूदगी रही, जबकि प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष रविन्द्र यादव ने किया।
प्रदेश अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार चौबीसों घंटे बिजली आपूर्ति के दावे करती है, लेकिन वास्तविकता इसके विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बार-बार बिजली कटौती हो रही है और स्मार्ट मीटरों को लेकर भी उपभोक्ताओं में व्यापक असंतोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पार्टी आंदोलन तेज करने के लिए बाध्य होगी।
जिलाध्यक्ष रविन्द्र यादव ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आम जनता, किसान, व्यापारी, छात्र और कर्मचारी परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उपभोक्ता देश की सबसे महंगी बिजली दरों का भुगतान करने के बावजूद निर्बाध बिजली नहीं प्राप्त कर पा रहे हैं। इससे जनजीवन, खेती, व्यापार और शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाशंकर पाठक ने बाराबंकी की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि बिजली संकट से जुड़ी परिस्थितियों के कारण हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
जिला उपाध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि जनता बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रही है, लेकिन समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित प्रयास नहीं दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने स्मार्ट मीटर व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों, गलत रीडिंग और बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अघोषित बिजली कटौती बंद करने, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली दरों में वृद्धि पर रोक लगाने, स्मार्ट मीटर एवं फर्जी बिलिंग की जांच कराने तथा प्रदेशवासियों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने की मांग की।
पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
इस अवसर पर सभाजीत यादव, दिनेश कुमार यादव, अभिषेक राजभर, संजय राय, शाहिद, रामसतन पटेल, राकेश मौर्य, सोनू यादव, हरेंद्र यादव, पदम चौहान, रूपेश विश्वकर्मा, रमेश मौर्य, तफसीर आलम, इसरार अहमद, शरद चंद्र राघव, गीतांजलि राघव, पीयूष यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
