छत से गिरकर 18 माह की मासूम की मौत, ननिहाल में मचा कोहराम

Uncategorized

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के बरदह गांव के नोनरा पुरा में बुधवार देर शाम रिहायशी मकान की छत से गिरकर 18 माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना से ननिहाल में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा निवासी विकास कुमार की 18 माह की पुत्री दिशु बुधवार देर शाम अपने ननिहाल में मकान की छत पर खेल रही थी। इसी दौरान अचानक वह छत से नीचे गिर गई। आनन-फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरदह ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि दिशु करीब चार महीने पहले अपनी मां उजाला के साथ ननिहाल आई थी और अपनी नानी चंद्रपति के साथ रह रही थी।
परिजनों के अनुसार, उजाला देवी करीब एक सप्ताह पहले घर पर बिना कुछ बताए कहीं चली गई थीं। इसके बाद से परिजन उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका था। बच्ची की मौत की सूचना हरियाणा में रह रहे उसके परिजनों को दे दी गई। देर शाम बच्ची का शव घर पहुंचने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *