युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, जांच के आदेश, भूमि विवाद को लेकर मारपीट की बताई जा रही घटना, पुलिस ने शुरू की जांच

Uncategorized

आजमगढ़। पवई थाना में नाटी गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में पहले एक व्यक्ति युवक की पिटाई करता दिखाई दे रहा है। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि पास में खड़े दो अन्य लोग भी युवक को मारने लगे।
करीब 3 मिनट 17 सेकंड लंबे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि स्ट्रीट लाइट के नीचे महिलाएं, पुरुष और बच्चे मौजूद हैं। इसी दौरान दो लोगों के बीच कहासुनी शुरू होती है और अचानक विवाद मारपीट में बदल जाता है। मार खा रहा युवक भी बचाव में हमला करने का प्रयास करता है। तभी वहां मौजूद एक बुजुर्ग व्यक्ति लाठी लेकर युवक पर हमला कर देता है।
घटना के दौरान आसपास मौजूद कुछ लोग बीच-बचाव करते भी नजर आ रहे हैं। यह घटना रविवार रात की बताई जा रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के लिए पवई थाने को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *