एसएसपी की बड़ी कार्रवाई: 13 पुलिसकर्मी निलंबित, 19 के खिलाफ विभागीय जांच शुरू

Uncategorized

आजमगढ़। पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद के 13 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके अलावा 19 अन्य पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस विभाग से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से एसएसपी द्वारा लगातार निरीक्षण, ड्यूटी चेकिंग और कार्यों की समीक्षा की जा रही है। इसी दौरान विभिन्न रिपोर्टों और आकस्मिक निरीक्षणों में कई पुलिसकर्मियों द्वारा अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता सामने आई।
जांच के दौरान कई पुलिसकर्मी महत्वपूर्ण रात्रि ड्यूटी के समय बिना अनुमति अथवा अवकाश स्वीकृत कराए अनुपस्थित पाए गए। वहीं बकरीद जैसे संवेदनशील पर्व के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा निर्धारित ड्यूटी स्थल छोड़कर अन्य स्थानों पर पीआरवी वाहन खड़ा किए जाने की भी पुष्टि हुई।
निरीक्षण में कुछ पुलिसकर्मी पीआरवी ड्यूटी के दौरान सोते हुए मिले, जबकि मोबाइल डाटा टर्मिनल (एमडीटी) हटाए जाने जैसी महत्वपूर्ण जानकारी से भी अनभिज्ञ पाए गए। इसके अलावा टोल प्लाजा और अन्य संवेदनशील स्थानों पर गो-तस्करी की रोकथाम, शांति व्यवस्था तथा संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच के लिए तैनात कर्मियों द्वारा अपेक्षित सतर्कता नहीं बरती गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कई स्थानों पर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच करने के बजाय आराम करते मिले। निरीक्षण के दौरान उनके पास चारपाइयां भी रखी मिलीं, जिन पर वे विश्राम करते पाए गए। विभाग ने इसे पुलिस की कार्यप्रणाली एवं छवि के प्रतिकूल आचरण माना है।
इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने 13 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया, जबकि 19 अन्य के विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई
एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा आदेशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आजमगढ़ पुलिस कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *