
आजमगढ़। बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा के दौरान शनिवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र पर नकल कराए जाने का आरोप लगाया। मामला शहर के समीप बलरामपुर स्थित विद्या इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का है, जहां प्रथम पाली की परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों का आरोप था कि परीक्षा कक्ष के भीतर कुछ चुनिंदा परीक्षार्थियों को अनैतिक रूप से विशेष सुविधा प्रदान की गई, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित हुई। आरोपों को लेकर अभ्यर्थियों ने केंद्र के बाहर हंगामा किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) शुभम लोधी एवं सदर एसडीएम नरेंद्र गंगवार मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सीओ सिटी शुभम लोधी ने बताया कि जिस कक्ष को लेकर नकल कराने के आरोप लगाए जा रहे हैं, वहां के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विरोध कर रहे अभ्यर्थियों में से एक पुरुष एवं एक महिला अभ्यर्थी को भी जांच प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। यदि जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है तथा जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
