
आजमगढ़। भीषण गर्मी, उमस और लगातार आ रहे आंधी-तूफान के कारण जनपद की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी होती नजर आ रही है। पिछले कई दिनों से अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली के पोल और तार क्षतिग्रस्त होने से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को शहर में तेज हवा चलने के दौरान सिधारी हाइडिल के पास 33 हजार वोल्ट की मुख्य लाइन का तार टूट जाने से आधे शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जबकि एक दिन पहले बरदह क्षेत्र में आए चक्रवाती तूफान ने विद्युत ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया था।
शनिवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच सिधारी हाइडिल के पास 33 केवी लाइन का तार टूट गया। इसके बाद शहर के बड़े हिस्से की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना मिलने के बाद विद्युत विभाग की टीम मरम्मत कार्य में जुट गई, लेकिन देर शाम तक काम जारी रहा। विभागीय अधिकारियों ने शाम छह बजे तक आपूर्ति बहाल करने का दावा किया था, हालांकि समाचार लिखे जाने तक कई क्षेत्रों में बिजली नहीं आ सकी थी। कई घंटों की कटौती के कारण उमस भरी गर्मी में लोगों का बुरा हाल रहा। इनवर्टर भी जवाब देने लगे और घरों से लेकर बाजारों तक लोग परेशान दिखाई दिए। बीच-बीच में हुई हल्की बूंदाबांदी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन गर्मी और बिजली संकट बरकरार रहा।
उधर शुक्रवार को बरदह क्षेत्र में आए चक्रवाती तूफान और बारिश ने विद्युत व्यवस्था को गंभीर नुकसान पहुंचाया। दोपहर लगभग ढाई बजे आए तेज तूफान के कारण बरदह विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत करीब 25 से 35 बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए तथा कई स्थानों पर तार टूटकर गिर गए। इसके चलते बकेश, गोधरा, जिवली, सरकरामऊ, पिलखुआ, उदियावा, फुरसुरी, बरदह और अहिरौली समेत अनेक गांवों की बिजली आपूर्ति घंटों तक ठप रही। तेज हवा के कारण जिवली-देवगांव मार्ग पर बकेश गांव के पास एक बड़ा पेड़ भी सड़क पर गिर गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
अवर अभियंता आतीश यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लगभग 25 पोल टूटने की पुष्टि हुई है। अन्य स्थानों पर भी पेड़ गिरने और विद्युत लाइनों को नुकसान पहुंचने की सूचनाएं मिली हैं। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए विभागीय कर्मचारी युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं।
इधर विद्युत विभाग ने रविवार को भी उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करने की चेतावनी दी है। जाफरपुर 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर अनुरक्षण एवं तकनीकी कार्यों के चलते सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। अवर अभियंता संदीप कुमार के अनुसार बेलइसा, माइक्रोवेव, इंडस्ट्रियल और साउथ फीडर से जुड़े क्षेत्रों में सात घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान सीटी प्रतिष्ठान, वाइंडिंग और अन्य अनुरक्षण कार्य किए जाएंगे।
लगातार हो रही बिजली कटौती और खराब मौसम के कारण जिले के हजारों उपभोक्ता परेशान हैं। भीषण गर्मी के बीच विद्युत संकट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। प्रशासन और विद्युत विभाग का कहना है कि क्षतिग्रस्त लाइनों और पोलों की मरम्मत कर जल्द से जल्द सामान्य आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
