
आजमगढ़। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जहानागंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बिहार और कुशीनगर के दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20.499 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में रविवार को थाना जहानागंज पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गांजा तस्करी से जुड़े दो व्यक्ति अकबेलपुर से जहानागंज जाने वाले मार्ग पर खड़े हैं और कहीं जाने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक लवकुश सोनकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अकबेलपुर तिराहे के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उन्हें दबोच लिया।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्तियों ने अपना नाम ताहिर हुसैन पुत्र नसीम मियां निवासी शिकारगंज ढाका, थाना चिरैया, जनपद पूर्वी चंपारण (बिहार) तथा महताब पुत्र नईम अंसारी निवासी जंगल लुहटहा, थाना बिसुनपुरा, जनपद कुशीनगर बताया।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से पांच-पांच बंडल गांजा बरामद हुआ। कुल 10 बंडलों का वजन 20.499 किलोग्राम पाया गया। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख रुपये है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना जहानागंज में मुकदमा संख्या 122/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा तस्करी में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
