रास्ता पूछकर शराब दुकान के सेल्समैन को बनाया शिकार, 3.16 लाख की छिनैती का आरोपी गिरफ्तार; 2.56 लाख रुपये बरामद

Uncategorized

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व शराब की दुकान के सेल्समैन से 3 लाख 16 हजार रुपये लेकर फरार होने वाले शातिर उचक्के को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 लाख 56 हजार रुपये नकद, एक तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले के खुलासे के लिए गठित तीन पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचने में सफलता प्राप्त की।
क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेंद्र पांडेय ने बताया कि अतरौलिया क्षेत्र के बढ़या निवासी आदित्य सिंह की जौनपुर जिले में शराब की दुकान है। उनकी दुकान पर रानी की सराय थाना क्षेत्र निवासी राजपत यादव सेल्समैन के रूप में कार्य करते हैं। गत 1 जून को राजपत यादव दुकान की बिक्री के 3 लाख 16 हजार रुपये लेकर मालिक के आजमगढ़ शहर स्थित नरौली आवास पर जमा करने के लिए निकले थे।
बताया गया कि राजपत यादव जब जेसीज चौराहे के पास पहुंचे तो एक बाइक सवार युवक उनके पास आया और आजमगढ़ का रास्ता पूछने लगा। बातचीत के दौरान युवक ने स्वयं को भी आजमगढ़ जाने वाला बताया। इस पर राजपत यादव उसके साथ बाइक पर बैठ गए। दोनों बरदह थाना क्षेत्र के ठेकमा बाजार होते हुए भगवानपुर पुलिया के पास पहुंचे, जहां युवक ने बाइक का पेट्रोल समाप्त होने की बात कही।
युवक की बात पर विश्वास कर राजपत यादव बाइक से उतर गए, जबकि रुपयों से भरा बैग बाइक पर ही रखा रहा। इसी दौरान मौका पाकर आरोपी बैग लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर बरदह थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई।
सीओ लालगंज ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने वारदात स्थल से लेकर संभावित भागने के रास्तों तक लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई तथा कई लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
जांच के दौरान पीड़ित राजपत यादव से संदिग्ध की पहचान कराई गई, जिसमें उसने आरोपी की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने राजेश चौहान पुत्र छेदी चौहान निवासी थाना चंदवक, जनपद जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 2 लाख 56 हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त बाइक तथा मोबाइल फोन बरामद किया गया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शेष धनराशि और अन्य तथ्यों के संबंध में भी जांच जारी है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। बरदह पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत और व्यापारियों में चिंता का माहौल बन गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *