
आजमगढ़। थाना गंभीरपुर में तैनात उप निरीक्षक संजय सिंह को पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने यह कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं।
पुलिस के अनुसार उप निरीक्षक संजय सिंह पर थाना स्तर पर प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण नहीं करने, पीड़ितों की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं करने और कार्य सरकार में रुचि नहीं लेने के आरोप प्रथम दृष्टया सामने आए हैं। इसके अलावा पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और अकर्मण्यता बरतने की बात भी सामने आई।
इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने 21 अगस्त 2026 को उप निरीक्षक संजय सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्यवाही शुरू किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे अपने पदीय दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ निर्वहन करें। कर्तव्य के प्रति लापरवाही या अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
