फर्जी वीडियो वायरल कर पुलिस भर्ती परीक्षा को बदनाम करने की कोशिश, युवक गिरफ्तार, नोएडा के पुराने वीडियो को आजमगढ़ भर्ती परीक्षा से जोड़कर फैलाया भ्रम, साइबर सेल की जांच में खुली पोल

Uncategorized

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 के प्रथम दिवस पर सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक और असत्य जानकारी फैलाने के मामले में आजमगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया है। आरोपी पर फर्जी वीडियो को परीक्षा से जोड़कर अफवाह फैलाने का आरोप है। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 8 जून को इंस्टाग्राम आईडी ashutoshmaurya9498 से एक वीडियो प्रसारित किया गया, जिसमें यह दर्शाने का प्रयास किया गया कि वीडियो का संबंध आजमगढ़ में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 से है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा, जिसके बाद साइबर सेल आजमगढ़ ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की।
साइबर सेल की जांच में खुला सच
तकनीकी परीक्षण और फैक्ट चेक के दौरान साइबर सेल ने पाया कि वायरल वीडियो का पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 से कोई लेना-देना नहीं है। जांच में सामने आया कि यह वीडियो 17 अप्रैल 2026 का है और जनपद गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) से संबंधित है। वीडियो किसी भी भर्ती या प्रतियोगी परीक्षा से जुड़ा नहीं पाया गया।
जांच के दौरान साइबर सेल ने डिजिटल ट्रेसिंग और तकनीकी विश्लेषण के जरिए वीडियो प्रसारित करने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली। आरोपी की पहचान आशुतोष कुमार मौर्य (21 वर्ष), पुत्र प्रेमशंकर मौर्य, निवासी गौरीनरायणपुर, थाना बिलरियागंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई।
आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 293/26 दर्ज किया है। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
शांतिपूर्ण और पारदर्शी रही परीक्षा
पुलिस एवं प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 के प्रथम दिवस की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली।
अफवाह फैलाने वालों को पुलिस की चेतावनी
जनपद पुलिस ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि परीक्षाओं, कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक व्यवस्था से संबंधित झूठी खबरें, भ्रामक वीडियो अथवा फर्जी सूचनाएं सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों पर लगातार साइबर निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी सूचना को सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें, ताकि अफवाहों और भ्रम फैलाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *