






आजमगढ़। बरदह थाना पुलिस ने क्षेत्रीय किसानों के लिए आवंटित शासकीय उर्वरक धनराशि में गबन करने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी को बेला खास मोड़ से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 29 दिसंबर 2025 को सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) द्वारा थाना बरदह पर लिखित तहरीर दी गई थी। आरोप लगाया गया था कि बी-पैक्स बौआपार समिति के प्रभारी द्वारा क्षेत्रीय किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने हेतु आवंटित पांच लाख रुपये की शासकीय सहायता धनराशि में से उर्वरक बिक्री के 3,46,009 रुपये समिति में जमा न कर गबन कर लिया गया।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना बरदह में मु0अ0सं0 411/2025 धारा 316(5) बीएनएस के तहत खरपत्तू चौहान पुत्र मुनेश्वर चौहान निवासी उत्तरगावा थाना गम्भीरपुर जनपद आजमगढ़ के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई थी।
जनपद में अपराध एवं भ्रष्टाचार नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे अभियान के क्रम में शनिवार 17 मई 2026 को उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद पटेल मय पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त खरपत्तू चौहान को बेला खास मोड़ से सुबह करीब 5:50 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध थाना बरदह में वर्ष 2020 में धारा 409 भादवि तथा वर्ष 2018 में धारा 138 भारतीय विद्युत अधिनियम के तहत भी अभियोग पंजीकृत हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद पटेल, हेड कांस्टेबल पवन यादव तथा कांस्टेबल विनोद यादव शामिल रहे।
