₹69.96 लाख के 253 कुंतल चावल गबन का खुलासा, ट्रांसपोर्टर गिरफ्तार; हरियाणा में बेच दिया था पूरा माल

Uncategorized

आजमगढ़। अहरौला थाना पुलिस ने करीब 69.96 लाख रुपये मूल्य के 253.20 कुंतल चावल की हेराफेरी के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी ट्रांसपोर्टर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर चावल से लदे ट्रक को गायब कर दिया और पूरा माल हरियाणा में बेचकर रकम आपस में बांट ली।
जानकारी के अनुसार अहरौला थाना क्षेत्र के मतलूबपुर निवासी जितेंद्र कुमार ने 11 जुलाई 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी फर्म जय हनुमान ट्रेडर्स से 18 जून 2025 को लगभग 253.20 कुंतल चावल हरियाणा भेजने के लिए ट्रक में लोड कराया गया था। चावल की कीमत करीब 69.96 लाख रुपये थी, लेकिन माल निर्धारित स्थान तक नहीं पहुंचा। आरोप है कि ट्रांसपोर्टर द्वारा लगातार टालमटोल की गई और धमकी भी दी गई।
शिकायत के आधार पर थाना अहरौला में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को उपनिरीक्षक उमाकांत शुक्ला एवं उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर वांछित आरोपी दिनेश कुमार पुत्र काशीराम निवासी पारा बासूपुर थाना अखंडनगर जनपद सुल्तानपुर को फुलवरिया अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने सहयोगियों मोहन लाल और हवा सिंह के साथ मिलकर फर्जी एवं कूटरचित नंबर प्लेट लगाकर चावल लदे ट्रक को हरियाणा में बेच दिया था। बिक्री से प्राप्त धनराशि तीनों ने आपस में बांट ली। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि परिवहन संबंधी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर सुनियोजित ढंग से माल का गबन किया गया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी सुल्तानपुर जिले के चांदा थाने में आपराधिक मुकदमा दर्ज है। पुलिस अन्य वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *