
आजमगढ़, 09 जून 2026
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मान्यता प्राप्त पत्रकार राजीव चौहान के असामयिक निधन पर जिला सूचना कार्यालय, आजमगढ़ में शोकसभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के बड़ी संख्या में पत्रकारों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने स्वर्गीय राजीव चौहान के पत्रकारिता जगत में योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका निधन मीडिया जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वे हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी से मान्यता प्राप्त पत्रकार थे। उन्होंने सदैव निष्पक्ष एवं जनहितकारी पत्रकारिता के माध्यम से समाज को जागरूक करने का कार्य किया। उनके सरल, सौम्य एवं सहयोगी व्यक्तित्व को सदैव याद किया जाएगा।
शोकसभा को संबोधित करते हुए जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने दिवंगत पत्रकार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुःखद घड़ी में सूचना विभाग एवं जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता से शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत संचालित पत्रकार कल्याण योजना ( जे डब्लू एस) के तहत उपलब्ध आर्थिक सहायता का लाभ दिलाने हेतु दिवंगत पत्रकार के परिजनों से आवेदन कराकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि शासन एवं प्रशासन स्तर से परिजनों को जो भी सहायता एवं सहयोग अपेक्षित होगा, उसे प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी मीडिया बंधुओं ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने हेतु ईश्वर से प्रार्थना की।
शोकसभा में बड़ी संख्या में मीडिया बंधु सहित सूचना विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
