पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से 100 पेटी रिन साबुन चोरी, एक लाख का माल पार

Uncategorized

आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र के अहरौला थाना अंतर्गत फुलवरिया स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 204 प्वाइंट पर खड़े ट्रक से तिरपाल काटकर करीब 100 पेटी रिन साबुन चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। चोरी हुए साबुन की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी होने के बाद ट्रक मालिक ने गुरुवार दोपहर अहरौला थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

अतरौलिया थाना क्षेत्र के रैतुवापार निवासी ट्रक मालिक विजय भान यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका ट्रक हरिद्वार से रिन साबुन लादकर पटना जा रहा था। 15 सितंबर की रात ट्रक चालक मनोज को नींद आने पर उसने फुलवरिया के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक खड़ा कर दिया और आराम करने लगा।

बताया गया कि रात के दौरान किसी समय अज्ञात चोरों ने ट्रक को निशाना बनाया। चोरों ने ट्रक पर पड़े तिरपाल को काट दिया और अंदर लदी रिन साबुन की करीब 100 पेटियां निकालकर फरार हो गए। रात में चालक को चोरी की भनक नहीं लगी।

सुबह ट्रक की जांच करने पर तिरपाल कटा मिला और साबुन की पेटियां गायब थीं। चोरी की जानकारी होते ही चालक ने ट्रक मालिक को इसकी सूचना दी। चोरी की जानकारी मिलने के बाद ट्रक मालिक ने गुरुवार दोपहर अहरौला थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया और अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी।

एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से बड़ी मात्रा में माल चोरी होने की सूचना से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के खुलासे के लिए एक्सप्रेसवे और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य संभावित साक्ष्यों की मदद ली जा सकती है।

ट्रक मालिक के मुताबिक चोरी हुए साबुन की कीमत करीब एक लाख रुपये है। फिलहाल पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही चोरी की घटना में शामिल आरोपियों और चोरी गए माल के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *