अवैध मदरसे के नाम पर सरकारी धन हड़पने की साजिश, 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। अवैध मदरसे के नाम पर फर्जी दस्तावेज अपलोड कर सरकारी अनुदान प्राप्त करने के प्रयास के मामले में आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मदरसा पोर्टल पर दर्ज मदरसों के सत्यापन के दौरान बड़ी संख्या में संस्थान मानकों के विपरीत पाए गए थे। एसआईटी जांच में मदरसतुल निशां निस्वां आजमगढ़ (मदरसा आईडी-191100693) को अवैध और फर्जी पाया गया। जांच में सामने आया कि मदरसे के भवन, छात्र संख्या और अन्य अभिलेखों से संबंधित गलत जानकारियां पोर्टल पर अपलोड कर शासकीय धनराशि प्राप्त करने का प्रयास किया गया था।
इस मामले में मदरसे के प्रबंधक अनीस पुत्र इसहाक के खिलाफ थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 69/2025, धारा 409, 420, 467, 468 और 471 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बुधवार को रोडवेज परिसर के पास से आरोपी अनीस (85 वर्ष), निवासी नोनहटा, शाहगंज, जनपद जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव और कांस्टेबल अजय कुमार यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *