
आजमगढ़। जहानागंज थाना पुलिस ने चोरी की योजना बना रहे दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो बैटरियां और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत जहानागंज पुलिस 5 अगस्त की रात गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर समकेरगंज पुलिया के पास से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में उनकी पहचान अमित विश्वकर्मा (23) पुत्र पप्पू उर्फ रामबाबू विश्वकर्मा तथा विशाल विश्वकर्मा (28) पुत्र दुर्गेश विश्वकर्मा, दोनों निवासी फैजपुर, थाना जहानागंज के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से चोरी की दो बैटरियां, दो रिंच, दो पेचकस, एक छोटी टेढ़ी सरिया और एक प्लास बरामद हुआ। पुलिस ने बरामदगी और पूछताछ के आधार पर थाना जहानागंज में बीएनएस की धारा 313 व 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों को न्यायालय भेज दिया गया।
