






आजमगढ़। भंवरनाथ-नरौली चौड़ीकरण मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब एक रोडवेज बस निर्माणाधीन डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि गनीमत रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क चौड़ीकरण और डिवाइडर निर्माण कार्य के चलते इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन हिस्सों में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, खासकर रात के समय हादसे की आशंका और बढ़ जाती है। यह घटना भी बीती सोमवार रात की कही जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस चालक को निर्माणाधीन डिवाइडर समय रहते दिखाई नहीं दिया, जिसके चलते बस अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि निर्माणाधीन डिवाइडरों व मोड़ों पर रिफ्लेक्टर, रेडियम संकेतक बोर्ड, बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड तत्काल लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को आगे की स्थिति स्पष्ट दिखाई दे सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा मानकों को मजबूत नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
