
आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र के हैदराबाद में स्थित एक टेंट हाउस की दुकान में शुक्रवार-शनिवार की रात अचानक भीषण आग लग गई। आग की इस घटना में दुकान में रखा लाखों रुपये मूल्य का टेंट हाउस का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर किसी तरह काबू पाया। पीड़ित दुकानदार सुरेश यादव पुत्र विश्वनाथ यादव, निवासी ग्राम आराजी अमानी, थाना महाराजगंज, ने शनिवार को रौनापार थाने में लिखित तहरीर देकर घटना की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि हैदराबाद में उनकी टेंट हाउस की दुकान संचालित होती है। शुक्रवार-शनिवार की रात अज्ञात परिस्थितियों में दुकान में आग लग गई, जिससे दुकान में रखा टेंट, कुर्सियां, पर्दे, सजावटी सामान, बिजली की सामग्री सहित अन्य उपकरण पूरी तरह जलकर राख हो गए। सुरेश यादव का आरोप है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश के चलते जानबूझकर आग लगाई गई है। उन्होंने तहरीर में हैदराबाद गांव निवासी शिवम यादव उर्फ गोलू पर आग लगाने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, घटना के समय उनका पुत्र विजय यादव मकान की छत पर मौजूद था। उसने आग की लपटें उठती देखीं और उसी दौरान शिवम यादव उर्फ गोलू को घटनास्थल से भागते हुए देखा। इसके आधार पर उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि इस आगजनी की घटना में लगभग 8 लाख रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति पहुंची है। टेंट हाउस का अधिकांश सामान पूरी तरह जल जाने के कारण उनका व्यवसाय भी प्रभावित हो गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि पीड़ित की लिखित तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
