
आजमगढ़, 18 जुलाई। कोटिला चेक पोस्ट स्थित APS Residential Academy में शनिवार को NEET-2026 में सफलता हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर चयनित छात्रों को चिकित्सा सेवा के प्रति उनके समर्पण और उज्ज्वल भविष्य के प्रतीक स्वरूप व्हाइट कोट एवं स्टेथोस्कोप भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
सम्मानित विद्यार्थियों में मोहम्मद रमीज़ ने 649 अंक और AIR-1544, अदीब हामिद ने 626 अंक और AIR-4091, मुस्कान ने 482 अंक और AIR-5387 (SC), ज़ैनब बानो ने 560 अंक और AIR-29784, नशरा अब्दुल्ला ने 558 अंक और AIR-31125, अदनान खान ने 554 अंक और AIR-34128, इकरा रहमान ने 550 अंक और AIR-37536, जबकि मुजाहिद खान ने 549 अंक और AIR-38049 प्राप्त कर संस्थान और जनपद का गौरव बढ़ाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अकादमी के मैनेजर एवं सेक्रेटरी सीए मोहम्मद नोमान ने अतिथियों के स्वागत के साथ किया। उन्होंने कहा कि APS Residential Academy केवल प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है।
समारोह में शिब्ली नेशनल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. इफ्तेखार अहमद, Lotus Hospital के प्रबंधन निदेशक डॉ. पंकज राय, Saira Hospital के डॉ. एहतेशाम अहमद, Pulse Hospital के डॉ. मिर्ज़ा आदिल बेग, डॉ. ओबैदुल्लाह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन, नैतिकता, संवेदनशीलता और सेवा-भाव के साथ चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि एक सफल चिकित्सक की पहचान केवल उसके ज्ञान से नहीं, बल्कि उसके मानवीय व्यवहार और मरीजों के प्रति समर्पण से होती है।
सम्मानित विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अकादमी के अनुभवी शिक्षकों, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण, नियमित टेस्ट सीरीज और व्यक्तिगत मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने जूनियर विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान भी किया।
समारोह के अंत में APS Residential Academy के निदेशक डॉ. ग्यास असद खान ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और श्रेष्ठ मार्गदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी अकादमी उत्कृष्ट परिणाम देकर जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेगी।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपल पंड्या, उपप्रधानाचार्या रूना खान सहित विद्यालय एवं अकादमी के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
