पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 22 मृत गौवंश मिलने के चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो आरोपी गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। तहबरपुर थाना पुलिस ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 22 मृत और 3 जीवित गौवंश मिलने के चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था।
पुलिस के अनुसार, 3/4 जून 2025 की रात तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक तहबरपुर पुलिस टीम के साथ गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 228.5 पर एक 14 टायर ट्रक खड़ा है, जिसमें बड़ी संख्या में गौवंश लदे हैं और ट्रक से तेज दुर्गंध आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने अतिरिक्त बल और पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया।
ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें कुल 25 गौवंश मिले, जिनमें 22 मृत और 3 जीवित थे। पशु चिकित्साधिकारी ने मृत गौवंशों का पोस्टमार्टम कराया, जबकि जीवित गौवंशों का उपचार कर उन्हें सुरक्षित गौशाला भेज दिया गया। ट्रक को सीज करते हुए थाना तहबरपुर में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान वाहन स्वामी नरेन्द्र कुमार मिश्रा, बुद्धराज पासवान, बरकत और आकाश मिश्रा उर्फ विशाल के नाम सामने आए। विवेचना में पता चला कि आरोपित आर्थिक लाभ के लिए संगठित गिरोह बनाकर अवैध गौ-तस्करी का कारोबार करते थे। गिरोह की गतिविधियां कई जिलों तक फैली थीं और इनके भय के कारण लोग शिकायत या गवाही देने से कतराते थे। इसके आधार पर गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार, 19 जुलाई 2026 को तहबरपुर पुलिस ने महुआर तिरंगा तिराहा से गैंगस्टर एक्ट में वांछित आकाश मिश्रा उर्फ विशाल और नरेन्द्र कुमार मिश्रा को सुबह करीब 9 बजे गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार नरेन्द्र कुमार मिश्रा के खिलाफ वर्ष 2025 के गौ-तस्करी मामले में मुकदमा दर्ज है, जबकि आकाश मिश्रा उर्फ विशाल के खिलाफ वर्ष 2020 का एक आपराधिक मुकदमा तथा वर्ष 2025 का गौ-तस्करी प्रकरण पहले से दर्ज है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक लालबहादुर प्रसाद सिंह, कांस्टेबल मिथिलेश शाह और कांस्टेबल चन्द्रशेखर शाह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *