
आजमगढ़। पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से लायंस क्लब आजमगढ़ ने रविवार को ईशान पब्लिक स्कूल परिसर से वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के प्रथम चरण में 21 फलदार पौधों का रोपण किया गया और उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब के अध्यक्ष रवि जायसवाल के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से लायंस क्लब आजमगढ़ यह वृहद अभियान चला रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी जिम्मेदारी के साथ देखभाल करने की अपील की।
क्लब के सचिव सुनील अग्रवाल ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनजागरूकता का सतत प्रयास है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में भी शहर के विभिन्न स्थानों पर फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
ईशान पब्लिक स्कूल के निदेशक अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। विद्यालय परिवार विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण और पौधों की देखभाल की भावना विकसित करने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम संचालित करता रहेगा।
क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान का दूसरा चरण आगामी रविवार को शहर के किसी अन्य स्थान पर आयोजित किया जाएगा, जहां फिर से फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया जाएगा।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में वरिष्ठ सदस्य सुदर्शन दास अग्रवाल, शशि भूषण अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, संजय डालमिया, डॉ. भक्त वत्सल, सी.के. त्यागी, अभिषेक द्विवेदी, गोबिंद अग्रवाल, ओम अग्रवाल, अशोक श्रीवास्तव, विजय कुमार, राकेश द्विवेदी, मुकुंद अग्रवाल सहित क्लब के अनेक सदस्यों एवं विद्यालय परिवार ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
