जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (ग्रामीण) के लिए प्रशिक्षण आयोजित, अधिकारियों को दिए गए अहम निर्देश

Uncategorized

आजमगढ़। जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (ग्रामीण) के संकलन एवं प्रविष्टि कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के उद्देश्य से सोमवार को हरिऔध कला केंद्र में तहसील मेहनगर के अधिकारियों और कर्मचारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनगणना बाबू, तकनीकी सहायक सहित सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण नए विषयों और कार्यप्रणाली को सीखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय गतिविधि में योगदान देना सभी के लिए गौरव की बात है और प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और गंभीरता के साथ निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, नीति-निर्माण और संसाधनों के समुचित वितरण का आधार होती है। इसलिए जिला जनगणना हस्तपुस्तिका से जुड़े सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध, सटीक और त्रुटिरहित तरीके से पूरे किए जाएं।
प्रशिक्षण का संचालन जनगणना निदेशालय से नामित जनपद प्रभारी द्वारा किया गया। इस दौरान जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (ग्रामीण) के विभिन्न प्रपत्रों, उनके सही संधारण, डेटा संकलन की प्रक्रिया तथा अभिलेखों के रखरखाव से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें कार्य के सफल और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए आवश्यक तकनीकी दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *