बीच-बचाव करने आए युवक पर जानलेवा हमला, वांछित आरोपी गिरफ्तार, लाठी बरामद

Uncategorized

आजमगढ़। मेहनगर थाना पुलिस ने मारपीट के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लाठी बरामद की है। आरोपी पर बीच-बचाव करने आए युवक पर लाठी-डंडे और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को जाफरपुर निवासी नन्हकू चौहान ने मेहनगर थाने में तहरीर देकर बताया कि ग्राम भदसारी में अनिल सरोज और रामबिन्द के बीच विवाद हो रहा था। उनका पुत्र रन्नू चौहान बीच-बचाव कर रामबिन्द को उसके घर छोड़कर वापस लौट रहा था। आरोप है कि जाफरपुर-भदसारी मोड़ के पास अनिल सरोज, पंकज सरोज और गोविन्द सरोज ने उसे रोक लिया और जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों तथा चाकू से हमला कर दिया।
हमले में रन्नू चौहान के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसे पांच टांके लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मामले में मेहनगर थाने पर मुकदमा अपराध संख्या 261/2026 धारा 109(1), 352 एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 20 जुलाई 2026 को उपनिरीक्षक शिवनारायण मौर्य ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर वांछित आरोपी अनिल सरोज पुत्र ललसू सरोज, निवासी ग्राम भदसारी, थाना मेहनगर को जाफरपुर से दोपहर 12:05 बजे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लाठी भी बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि मामले के अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *