आजमगढ़ में UPSSSC परीक्षा में नकल माफिया का खुलासा, 6 लाख में पास कराने का सौदाब्लूटूथ और हियरिंग डिवाइस से नकल कराने की थी तैयारी, गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज में आयोजित UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा में ब्लूटूथ और हियरिंग डिवाइस के जरिए नकल कराने की साजिश का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मामले में पहले गिरफ्तार अभ्यर्थी के बाद अब पुलिस ने अंतरजनपदीय नकल माफिया गिरोह से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अभ्यर्थी को परीक्षा पास कराने के लिए ₹6 लाख में सौदा तय किया गया था, जबकि इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए ₹15 हजार एडवांस भी लिया गया था।

पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त 2026 को शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज में UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों को अभ्यर्थी आलोक पटेल की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर उसके कान से एक हियरिंग डिवाइस तथा अंडरवियर के अंदर से सिम कार्ड लगा ब्लूटूथ डिवाइस और दो बैटरियां बरामद हुई थीं।

पूछताछ में अभ्यर्थी ने बताया था कि परीक्षा के दौरान बाहर बैठे लोग इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के माध्यम से उसे प्रश्नों के उत्तर बताने वाले थे। इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर आलोक पटेल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

विवेचना में सामने आया नकल माफिया का नेटवर्क

मामले की जांच के दौरान पुलिस को अंतरजनपदीय नकल गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी मिली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को वीरेन्द्र कुमार राय उर्फ बाबू (31) निवासी थाना जंसा, वाराणसी को आजमगढ़ के प्राइवेट बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया गया।

6 लाख में पास कराने की डील

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों आनंद पटेल और कुश पटेल के साथ मिलकर परीक्षा में अभ्यर्थियों को पास कराने वाले नेटवर्क से संपर्क किया था। आलोक पटेल को परीक्षा पास कराने के लिए ₹6 लाख में सौदा तय हुआ था। योजना के तहत उसे हियरिंग और ब्लूटूथ डिवाइस उपलब्ध कराई गई थी तथा उनके इस्तेमाल का तरीका भी समझाया गया था। इसके बदले ₹15 हजार एडवांस लिए गए थे।

पुलिस के अनुसार, परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से बाहर से उत्तर बताने की पूरी तैयारी थी, लेकिन अभ्यर्थी के परीक्षा केंद्र पर पकड़े जाने से पूरा नेटवर्क सामने आ गया।

आगे की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आए अन्य आरोपियों और पूरे गिरोह की भूमिका की जांच की जा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार आरोपी वीरेन्द्र कुमार राय उर्फ बाबू के खिलाफ वाराणसी और आजमगढ़ में पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार सहित कोतवाली पुलिस के अन्य जवान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *