8 सूत्रीय मांगों को लेकर ऑटो चालकों का डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन, समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

Uncategorized

आजमगढ़। विभिन्न मांगों को लेकर ऑटो चालकों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व ऑटो चालक संगठन के अध्यक्ष कृपा शंकर पाठक ने किया। चालकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे हड़ताल और चक्का जाम करने के लिए मजबूर होंगे।

जिलाधिकारी से हुई वार्ता के दौरान संगठन के कोषाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि परिवहन विभाग ऑटो चालकों से 15 वर्ष का वन टाइम टैक्स वसूलता है, जबकि परमिट केवल 10 वर्ष के लिए जारी किया जाता है। उन्होंने इस व्यवस्था को अनुचित बताते हुए इसमें सुधार की मांग की।

संगठन मंत्री छोटेलाल और शाहिद अहमद ने कहा कि परिवहन विभाग ने कागजों में 48 ऑटो स्टैंड चिन्हित कर रखे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर चालकों को कोई स्थायी स्टैंड उपलब्ध नहीं कराया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 15 वर्ष से अधिक पुराने और कबाड़ में कट चुके वाहनों के मालिकों को भी विभाग की ओर से वसूली नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिससे चालक परेशान हैं।

जिलाधिकारी ने ऑटो चालकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और परिवहन विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर उचित समाधान कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

प्रदर्शन के बाद संगठन के अध्यक्ष कृपा शंकर पाठक ने कहा कि उन्हें जिलाधिकारी के आश्वासन पर भरोसा है और उम्मीद है कि ऑटो चालकों के हित में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

प्रदर्शन में राम अवतार, कैलाश यादव, हलधर दुबे, मुकेश, सनी गुप्ता, श्रवण कुमार यादव, नागेंद्र मौर्य, शिवप्रसाद, रियाज, शेर बहादुर, फिरोज, रमेश, कमला, रामबदन, महेंद्र, हरगुन, राजन मौर्य, करम खान, रामा गौड़, सुरेश यादव, श्याम नारायण, गोवर्धन, राजेंद्र यादव, अरविंद कुमार, महेंद्र राम, अनिल सिंह, सुरेंद्र राम, गोपी बाबा सहित बड़ी संख्या में ऑटो चालक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *