धारदार हथियार से हमला, चार नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

Uncategorized

आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
जानकारी के अनुसार रिटायर्ड शिक्षक राजमणि त्रिपाठी अपने पड़ोसी गांव के रामधनी यादव के साथ घर के सामने मंडई की मरम्मत कर रहे थे। आरोप है कि तभी अमन, अर्पित, मुकेश और निशा लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।
हमले में राजमणि त्रिपाठी और उनके भतीजे इंद्रेशमणि गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मंडलीय चिकित्सालय, आजमगढ़ रेफर कर दिया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमला पूर्व नियोजित था। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
निजामाबाद थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर संख्या 184/2026 दर्ज की है। मुकदमा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 115(2), 352 एवं 351(3) के तहत पंजीकृत किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मयंक कृष्ण उपाध्याय को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *