
आजमगढ़। आगामी कांवड़ यात्रा, सावन मेला, बारावफात एवं अन्य प्रमुख पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बुधवार को हरिऔध कला केंद्र में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और पीस कमेटी के सदस्यों के साथ त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा मार्गों, मंदिरों, मेला स्थलों और अन्य धार्मिक स्थानों पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, बैरिकेडिंग और विश्राम स्थलों सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने नगर निकाय, विद्युत, जल निगम, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, परिवहन समेत सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ यात्रा मार्गों पर बनाए जा रहे विश्राम स्थलों का स्वयं निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत रखने पर जोर देते हुए कहा कि डीजे एवं साउंड सिस्टम शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित किए जाएं। डीजे की ऊंचाई निर्धारित सीमा से अधिक न हो तथा किसी भी व्यक्ति को डीजे के ऊपर बैठने की अनुमति न दी जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जनपद पुलिस सभी पर्वों को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को लगातार भ्रमणशील रहने तथा संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, आयोजकों और पीस कमेटी के सदस्यों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी संभावित विवाद का समय रहते समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलने वाली प्रत्येक सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करेगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन, पुलिस अधीक्षक (नगर) मधुबन कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गम्भीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, जनपद स्तरीय अधिकारी, पीस कमेटी के सदस्य, धर्मगुरु एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
