
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों का आयोजन किया। कार्यक्रमों में मुख्य अतिथियों ने बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के मद्देनजर संगठन विस्तार और जनसंपर्क को मजबूत करने का मंत्र दिया।
आजमगढ़ सदर विधानसभा में बेलइसा स्थित रॉयल उत्सव बैंक्विट में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री हरिचरण कुशवाहा मुख्य अतिथि रहे। वहीं गोपालपुर विधानसभा में बिलरियागंज के शगुन मैरिज हॉल में आयोजित सम्मेलन में क्षेत्रीय मंत्री अखिलेश तिवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
सगड़ी विधानसभा के जीवनपुर स्थित केएन लाल मेमोरियल विद्यालय में आयोजित सम्मेलन में मऊ के पूर्व जिलाध्यक्ष मुन्ना दुबे मुख्य अतिथि रहे। मुबारकपुर विधानसभा में सठियांव स्थित आरके फार्मेसी परिसर में आयोजित बूथ सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दानिश अंसारी शामिल हुए। वहीं मेहनगर विधानसभा के तरवां स्थित आरपीएम मैरिज हॉल में आयोजित सम्मेलन में पूर्व प्रदेश मंत्री शकुंतला चौहान मुख्य अतिथि रहीं।
जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने आजमगढ़ सदर और मेहनगर विधानसभा के कार्यक्रमों में सहभागिता कर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। आजमगढ़ सदर विधानसभा का सम्मेलन प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश मिश्रा ‘गुड्डू’ के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय मंत्री हरिचरण कुशवाहा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक संरचना की सबसे मजबूत और आधारभूत इकाई बूथ है। पार्टी ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के सिद्धांत पर कार्य करती है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष स्थानीय स्तर पर पार्टी और मतदाताओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं और बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही भाजपा की वास्तविक ताकत हैं।
उन्होंने बूथ अध्यक्षों से अपने-अपने बूथों को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी चुनाव में प्रत्येक बूथ पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत के साथ कार्य करना होगा, ताकि आजमगढ़ में भी भारतीय जनता पार्टी को बड़ी सफलता मिल सके।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश मिश्रा ‘गुड्डू’, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश राय, जयनाथ सिंह, सुशील सिंह, अवनीश मिश्रा, पवन सिंह ‘मुन्ना’, हरिवंश मिश्रा, सुजीत सिंह टीका, विवेक निषाद, अभिनव श्रीवास्तव, धर्मेंद्र सिंह ‘अमेरिकन’, शेखर सिंह, अवनीश चतुर्वेदी, विनीत सिंह ‘सोनू’ सहित बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
