
आजमगढ़। सरकारी चिकित्सकों के संगठन प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ (पीएमएस संघ), आजमगढ़ के चुनाव की घोषणा कर दी गई है। चुनाव की पूरी प्रक्रिया 22 जुलाई से शुरू होकर 5 अगस्त 2026 तक चलेगी।
चुनाव अधिकारी डॉ. विनय कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला महिला चिकित्सालय, आजमगढ़ ने बताया कि उन्हें चुनाव अधिकारी तथा मंडलीय जिला चिकित्सालय के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. जे.पी. श्रीवास्तव को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 जुलाई से 28 जुलाई 2026 तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 29 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद 5 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 7 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
चुनाव अधिकारी डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
