






आजमगढ़, 21 मार्च। थाना बिलरियागंज क्षेत्र में दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मृतका का पति भी शामिल है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को वादी सुनील विश्वकर्मा निवासी गद्दीपुर, थाना कंधरापुर ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी चचेरी बहन सुनीता (उम्र लगभग 26 वर्ष) को उसके ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और अंततः गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
तहरीर के आधार पर थाना बिलरियागंज पर मु0अ0सं0 64/2026 के तहत धारा 80(2)/85 बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद पांचों अभियुक्तों को उनके आवास, राजेन्द्र नगर कस्बा बिलरियागंज से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अजय विश्वकर्मा, रामाश्रय विश्वकर्मा, रागनी विश्वकर्मा, पूजा विश्वकर्मा तथा शिखा विश्वकर्मा शामिल हैं, जो सभी राजेन्द्र नगर कस्बा बिलरियागंज के निवासी हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
