गांव में पड़ोसियों का हमला, दंपति गंभीर घायल; एक आरोपी गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के सुराई गांव में रविवार सुबह पड़ोसियों द्वारा एक दंपति पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से कथित हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में शौकत अली और उनकी पत्नी आसिया बानो गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे शौकत अली अपने घर पर बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर उनके घर में घुस आए और पति-पत्नी पर हमला कर दिया। हमलावरों ने दोनों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे उनके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मारपीट के दौरान शौकत अली बेहोश होकर गिर पड़े, जबकि उनकी पत्नी आसिया बानो भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
दंपति की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को थाने ले जाने के बाद उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
थाना प्रभारी निजामाबाद राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *