
आजमगढ़। जहानागंज थाना पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को कड़ासर गांव निवासी जगदीश ने थाना जहानागंज में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मुकदमेबाजी के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने एकराय होकर उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर थाना जहानागंज में मुकदमा संख्या 154/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक विनय कुमार ने पुलिस टीम के साथ 25 जुलाई की रात करीब 8:54 बजे थाना परिसर से मुकदमे में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कड़ासर गांव निवासी अरुण कुमार (30 वर्ष) पुत्र सूर्यभान तथा आकाश भारती (22 वर्ष) पुत्र विजय बहादुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विनय कुमार, कांस्टेबल मनोज यादव तथा पीआरडी जवान अमित सिंह शामिल रहे।
