गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: मुर्गा लदी पिकअप और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत, चालक गंभीर

Uncategorized

अतरौलिया। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर रविवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में मुर्गा लदी पिकअप और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा अंबेडकरनगर जनपद के कटका थाना क्षेत्र में पिलर संख्या 75.600 के पास हुआ। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण पिकअप का रॉन्ग साइड से आना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब तीन बजे कुशीनगर से मुर्गा लादकर अमेठी के जगदीशपुर जा रही पिकअप अचानक विपरीत दिशा में पहुंच गई और सामने से दिल्ली से मोटरसाइकिल लादकर गुवाहाटी जा रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में पिकअप सवार सत्यनारायण लोधी (निवासी कमरौली, अमेठी) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पिकअप में सवार एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद यूपीडा गश्ती दल और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अतरौलिया स्थित 100 शैया अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सत्यनारायण लोधी को भी मृत घोषित कर दिया।
वहीं ट्रक चालक संतोष बाजपेयी पुत्र श्रीकांत बाजपेयी, निवासी गोविंद नगर, कानपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कटका थाना पुलिस और अतरौलिया पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत कार्य के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मृतकों की शिनाख्त और परिजनों से संपर्क करने में जुटी है।
मृतक सत्यनारायण लोधी के भाई रामनारायण ने बताया कि उनका भाई कुशीनगर से मुर्गा लदी पिकअप लेकर अमेठी लौट रहा था। सत्यनारायण अपने पीछे पत्नी लालती देवी, दो पुत्र और दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि दुर्घटना अंबेडकरनगर के कटका थाना क्षेत्र स्थित गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर हुई है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है तथा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Ashish Kumar Nishad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *