






आजमगढ़। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम मंगाने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और कमीशन का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था और उन खातों के जरिए साइबर फ्रॉड की रकम मंगाता था।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन व अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम आस्था जायसवाल के मार्गदर्शन में साइबर क्राइम थाना टीम को यह सफलता मिली।
शुक्रवार को उपनिरीक्षक कलाप कलाधर त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ प्रतिबिम्ब पोर्टल के आधार पर म्यूल खाताधारकों की जांच और तलाश में निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति इंडियन बैंक कलेक्ट्रेट के पास मौजूद है, जो लोगों को झांसे में लेकर फर्जी खाते खुलवाता है और साइबर फ्रॉड की रकम मंगाता है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रितिक कुमार पुत्र शिवाधार राम निवासी अनन्तपुरा थाना कोतवाली आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, 2500 रुपये नगद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और डीबीएस बैंक का एटीएम कार्ड बरामद हुआ। मोबाइल के तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ में पता चला कि आरोपी झारखंड के साइबर ठगों के संपर्क में था और उनके निर्देश पर काम करता था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और कमीशन का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था। इसके बाद फर्जी तरीके से लिए गए सिम कार्ड से इन खातों को लिंक कर स्वयं संचालित करता था। साइबर ठगी की रकम आने पर वह लगभग 10 प्रतिशत कमीशन रखकर बाकी रकम अपने हैंडलरों द्वारा बताए गए खातों में सीडीएम मशीन के जरिए जमा कर देता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के मोबाइल में कई बैंकिंग और पेमेंट एप जैसे एनएवीआई, जुपिटर, डीबीएस, पीएनबी, एसबीआई योनो, जियो पेमेंट बैंक, फोनपे, गूगल पे, एनएसडीएल बैंक और आईपीपीबी से कई खातों को लिंक किया गया था। इन खातों पर देश के विभिन्न राज्यों से एनसीआरपी पोर्टल पर 10 शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।
इस संबंध में थाना साइबर क्राइम में मु0अ0सं0 12/2026 धारा 318(4), 319(2), 317(2) बीएनएस व 66-डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी हरियाणा के पलवल में साइबर ठगी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार करने वाली टीम में महिला निरीक्षक विभा पांडेय, उपनिरीक्षक योगेंद्र प्रसाद, उपनिरीक्षक कलाप कलाधर त्रिपाठी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
