
आजमगढ़। सगड़ी तहसील के मालटारी क्षेत्र में वर्षों से बदहाल पड़ी सड़क को लेकर रविवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। भदांव गांव से मालटारी बाजार तक करीब एक किलोमीटर लंबा पैदल मार्च निकालकर ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय सगड़ी विधायक डॉ. एच.एन. सिंह पटेल, जनप्रतिनिधियों और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र सड़क निर्माण की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मालटारी बाजार से भदांव, कुदारन और रामगढ़ को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग कई वर्षों से पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, टूटी सतह और बरसात में जलभराव के कारण लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। यह मार्ग करीब 20 गांवों के लोगों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन हजारों ग्रामीण, छात्र-छात्राएं, किसान और व्यापारी गुजरते हैं।
वरिष्ठ समाजसेवी संजय राय ने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। कई बार दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं, जबकि स्कूली बच्चों और मरीजों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
प्रभाकर राय ने कहा कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि आए दिन हादसे हो रहे हैं। कई वर्षों से लोग सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक न तो मरम्मत कराई गई और न ही पुनर्निर्माण का कार्य शुरू हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण नहीं कराया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
अंजेश राय ने शासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की कि इस जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य तत्काल शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शन से पहले क्षेत्रीय विधायक को इसकी जानकारी दी गई थी। विधायक की ओर से प्रतिनिधि भेजने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन प्रदर्शन स्थल पर कोई भी प्रतिनिधि नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में और नाराजगी बढ़ गई।
प्रदर्शन में अनुराग चौरसिया, विवेक यादव, उमेश कुमार, हरिनंदन मिश्रा, अंकित राय, नीरज मौर्य, प्रभाकर राय, सूरज प्रजापति, शुभम, शिवम गौड़, संदीप यादव, दिनेश कुमार, उपेंद्र कुमार राय, अजीत कुमार राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
