विदेश में भाई के फंसे होने का झांसा देकर 1.20 लाख की ठगी, पीड़ित को वापस मिले 10 हजार रुपये

Uncategorized

आजमगढ़। साइबर ठगी के एक मामले में फूलपुर थाना क्षेत्र की साइबर हेल्पडेस्क ने पीड़ित को 10 हजार रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की है। जालसाज ने पीड़ित को उसके भाई के विदेश में फंसे होने की बात बताकर एक लाख 20 हजार रुपये की ठगी की थी। साइबर हेल्पडेस्क की पहल पर बैंक के माध्यम से पीड़ित को आंशिक धनराशि वापस मिल सकी।

फूलपुर थाना क्षेत्र के ईशापुर निवासी क्षत्रधारी पुत्र राम दुलार के मोबाइल पर 21 जून 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। उसने उनके भाई के विदेश में फंसे होने की बात कहकर उन्हें झांसे में लिया और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से एक लाख 20 हजार रुपये की साइबर ठगी कर ली। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और आधिकारिक पोर्टल पर दर्ज कराई थी।

शिकायत मिलने के बाद फूलपुर थाना साइबर हेल्पडेस्क ने संबंधित बैंक को नोटिस भेजकर ठगी की रकम जिस खाते में गई थी, उसे होल्ड कराया। इसके बाद एमआरएम पोर्टल के माध्यम से बैंक के नोडल अधिकारी से ई-मेल और फोन पर संपर्क कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके परिणामस्वरूप पीड़ित के खाते में 10 हजार रुपये वापस कराए गए।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दयानंद और महिला आरक्षी पूजा पांडेय शामिल रहीं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। किसी अनजान व्यक्ति के बताए आपातकालीन कारणों से घबराकर रुपये न भेजें और पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर जानकारी की पुष्टि करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *