महज 200 रुपये के विवाद में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

Uncategorized

आजमगढ़। थाना अंतर्गत हमजापुर गांव में सोमवार की रात महज 200 रुपये को लेकर हुए विवाद के बाद एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हमजापुर गांव निवासी शशिकला (29) पत्नी जयप्रकाश यादव का सोमवार रात अपने पति से 200 रुपये को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि जयप्रकाश का भाई स्टेपलाइजर बनवाकर घर लाया था। उसके रुपये के भुगतान को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी।
परिजनों के मुताबिक, रात में खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए। रात करीब 12 बजे परिवार का एक बच्चा दूध पीने के लिए उठा। इसी दौरान उसने गैलरी में शशिकला को दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटका देखा। बच्चे के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो घर में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
शशिकला के दो पुत्र हैं। इनमें बड़े बेटे की उम्र करीब पांच वर्ष और छोटे की उम्र करीब एक वर्ष बताई जा रही है। मां की मौत के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी हमजापुर पहुंच गए। मृतका का मायका जौनपुर जनपद के सरपतहा थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर धुधुरी गांव में बताया गया है। मृतका के भाई विनोद यादव पुत्र बैजयंती मंगलवार सुबह करीब 10 बजे पवई थाने पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली।
पवई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *